गनेशपुर में बारिश ने तोड़ी पुलिया, स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर संकट।

गनेशपुर में बारिश ने तोड़ी पुलिया, स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर संकट। 



मुख्यमार्ग बाधित होने से स्कूल पहुंचना मुश्किल, ग्रामीणों में आक्रोश। 



चकिया, चंदौली। गनेशपुर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण मुख्य मार्ग पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त होकर टूट गई है। पुलिया का बड़ा हिस्सा बह जाने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है।

पुलिया टूटने के कारण आसपास के गांवों से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं के सामने रास्ते की समस्या खड़ी हो गई है। पानी के तेज बहाव और क्षतिग्रस्त सड़क के चलते बच्चों के लिए इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। कई अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, वहीं रास्ता बाधित होने से बच्चों की नियमित पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। पुलिया टूटने के बाद उन्हें वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे स्कूल पहुंचने में अधिक समय लग रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने तथा आवागमन सुचारू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो सकती है तथा स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ